
उत्तरकाशी। उत्तरकाशी जिले में देर रात 1 बजकर 21 मिनट पर भूकंप के झटके महसूस किए गए। भूकंप के झटके जिला मुख्यालय के अलावा बड़कोट, मोरी, नौगांव, डुंडा और चिन्यालीसौड़ समेत कई क्षेत्रों में महसूस किए गए।
जानकारी के अनुसार भूकंप की तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 4.2 मापी गई। भूकंप का केंद्र तहसील बड़कोट के राजगढ़ी क्षेत्र के आसपास बताया जा रहा है। इसकी गहराई जमीन की सतह से करीब 10 किलोमीटर नीचे थी।
रात का समय होने के कारण अधिकांश लोगों ने भूकंप के झटके कम महसूस किए। हालांकि, प्रशासन की ओर से स्थिति पर नजर रखी जा रही है। फिलहाल जिले में किसी तरह के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है।




