
सोपोर। जम्मू-कश्मीर पुलिस ने प्रतिबंधित संगठन जमात-ए-इस्लामी (JeI) से जुड़े ठिकानों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए 26 स्थानों पर एक साथ तलाशी अभियान चलाया। यह कार्रवाई संगठन के खिलाफ UAPA (गैरकानूनी गतिविधियां रोकथाम अधिनियम) के तहत दर्ज मामले की जांच के सिलसिले में की गई।
पुलिस के अनुसार, तलाशी अभियान जमात-ए-इस्लामी के नेताओं, सदस्यों और कार्यकर्ताओं से जुड़े आवासीय तथा अन्य परिसरों में चलाया गया। इस दौरान पुलिस टीमों ने विभिन्न स्थानों से आपत्तिजनक दस्तावेज, साहित्य और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद कर जब्त किए हैं। जब्त सामग्री की जांच की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि जब्त दस्तावेजों और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की जांच के जरिए प्रतिबंधित संगठन से जुड़े अन्य संपर्कों, गतिविधियों और संभावित नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटाई जाएगी। अधिकारियों के मुताबिक, यह कार्रवाई प्रतिबंधित संगठनों और उनसे जुड़े नेटवर्क के खिलाफ चल रहे अभियान का हिस्सा है।
सोपोर पुलिस ने कहा है कि पूरी तलाशी कानूनी प्रक्रिया और निर्धारित नियमों के तहत की गई। गैरकानूनी गतिविधियों में शामिल पाए जाने वाले व्यक्तियों या संगठनों के खिलाफ कानून के अनुसार आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी। मामले की जांच फिलहाल जारी है।




