
बेंगलुरु। शहर के नामी 3-स्टार और 5-स्टार होटलों में खाद्य सुरक्षा विभाग की जांच के दौरान एक्सपायर्ड खाद्य सामग्री, खराब सब्जियां और स्वच्छता संबंधी खामियां सामने आई हैं। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की 30 टीमों ने 26 होटलों का निरीक्षण किया। जांच के दौरान 35 खाद्य नमूने लैब जांच के लिए भेजे गए हैं।
जांच में क्या मिला?
Radisson Blu Atria में 50 किलो चिकन, 25 किलो मांस, 23 किलो मछली और 7 किलो सब्जियों समेत करीब 105 किलो खाद्य सामग्री जब्त की गई।
The Lalit Ashok में 76 किलो मांस, 200 किलो सब्जियां और 32 लीटर एक्सपायर्ड दूध मिला।
Taj Yeshwantpur में 72 किलो मांस और मछली जब्त की गई।
Shangri-La में 15 किलो और Four Seasons में 19 किलो मांस मिला।
Vivanta Bengaluru Whitefield में 3 किलो एक्सपायर्ड बेकरी उत्पाद पाए गए।
जांच में कुछ जगह सब्जियों पर फंगस, अस्वच्छ किचन, गलत स्टोरेज, फूड लेबलिंग में गड़बड़ी और शाकाहारी-मांसाहारी खाद्य पदार्थों को अलग रखने के नियमों का उल्लंघन भी सामने आया। संबंधित होटल संचालकों को नोटिस जारी किए गए हैं और आगे की कार्रवाई लैब रिपोर्ट के आधार पर की जाएगी।
हालांकि, कुछ होटल/होटल समूहों ने विभागीय कार्रवाई की मीडिया रिपोर्टों पर अलग दावे किए हैं। उदाहरण के तौर पर, IHCL ने कहा कि उसके होटलों में खराब या सड़ी खाद्य सामग्री नहीं मिली और रिपोर्टों में किए गए कुछ आरोप गलत हैं।



