
हाइड्रोपावर प्रोजेक्ट को लीड कर रहे थे देहरादून के इंजीनियर; नेपाल में 290 भारतीयों की तलाश जारी
देहरादून/नेपाल। नेपाल में आई भीषण बाढ़ और जलसैलाब ने बड़े पैमाने पर तबाही मचा दी है। इस प्राकृतिक आपदा के बीच उत्तराखंड के लिए भी चिंता बढ़ाने वाली खबर सामने आई है। उत्तराखंड के 5 लोगों के नेपाल में लापता होने की जानकारी सामने आई है।
लापता लोगों में देहरादून के एक इंजीनियर भी शामिल बताए जा रहे हैं, जो नेपाल में चल रहे एक हाइड्रोपावर प्रोजेक्ट को लीड कर रहे थे। बाढ़ और अचानक आई तबाही के बाद उनसे संपर्क नहीं हो पा रहा है। परिजनों में चिंता का माहौल है और उनके सुरक्षित होने की उम्मीद की जा रही है।
290 भारतीयों से संपर्क नहीं
नेपाल की बाढ़ और भूस्खलन के बाद बड़ी संख्या में भारतीय नागरिकों के भी लापता होने की सूचना है। विदेश मंत्रालय के अनुसार करीब 290 भारतीय नागरिकों से संपर्क नहीं हो पा रहा है। भारत सरकार नेपाल के अधिकारियों के साथ लगातार संपर्क में है और लापता भारतीयों की जानकारी जुटाने के साथ राहत एवं बचाव अभियान में सहयोग कर रही है।
हाइड्रोपावर प्रोजेक्ट भी प्रभावित
नेपाल में आई अचानक बाढ़ से कई इलाकों में सड़कें, पुल और हाइड्रोपावर परियोजनाएं प्रभावित हुई हैं। भोटे कोशी नदी के उफान से रसुवा जिले में भारी नुकसान की खबर है और राहत-बचाव अभियान चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में चल रहा है।
भारत सरकार की ओर से राहत प्रयास तेज किए गए हैं। नेपाल में फंसे 63 भारतीय नागरिकों को सुरक्षित निकाले जाने की भी जानकारी सामने आई है।
उत्तराखंड में परिजनों की बढ़ी चिंता
नेपाल में लापता उत्तराखंड के पांच लोगों को लेकर उनके परिवारों में चिंता बढ़ गई है। परिजन लगातार उनकी सुरक्षित वापसी की उम्मीद कर रहे हैं। प्रशासन और संबंधित एजेंसियों से भी लापता लोगों के बारे में जल्द जानकारी मिलने की उम्मीद है।
UKP | उत्तराखंड की पहचान
नेपाल की आपदा पर हर महत्वपूर्ण अपडेट के लिए जुड़े रहिए।




