
Oplus_16908288
हरिद्वार के पथरी क्षेत्र स्थित पथरेश्वर महादेव मंदिर में दो साधुओं की हत्या के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। जांच में सामने आया कि मंदिर की गद्दी को लेकर चल रहे विवाद ने इस दोहरे हत्याकांड को जन्म दिया।
पुलिस के अनुसार, घटना वाली रात मंदिर में शराब पार्टी हुई। इसी दौरान एक साधु ने दूसरे साधु को पगड़ी पहनाकर मंदिर की गद्दी का उत्तराधिकारी घोषित किया, जिससे मुख्य पुजारी और उसके साथियों में नाराजगी बढ़ गई। देर रात दोनों साधुओं की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई और शव मंदिर के पास जंगल में गड्ढा खोदकर दफना दिए गए। जांच के बाद पुलिस ने मुख्य पुजारी समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक आरोपी की तलाश जारी है। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल हथियार भी बरामद कर लिया है।




