
तिब्बत से अचानक आए सैलाब ने नेपाल में मचाई भारी तबाही, रसुवा में सबसे ज्यादा नुकसान; कई इलाकों में हाई अलर्ट
नेपाल में बुधवार को अचानक आई भीषण फ्लैश फ्लड ने भारी तबाही मचा दी। तिब्बत की ओर से अचानक बढ़े पानी ने भोटेकोशी नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ा दिया। देखते ही देखते तेज रफ्तार पानी नेपाल के रसुवा, धादिंग और नुवाकोट समेत कई इलाकों में पहुंच गया।
सोशल मीडिया पर सामने आए फोटो और वीडियो में सैलाब की भयावह ताकत साफ दिखाई दे रही है। कई जगह पानी और मलबे का तेज बहाव घरों, सड़कों और पुलों को अपनी चपेट में लेता नजर आया। कुछ वीडियो में इमारतों के ढहने और बाढ़ के तेज बहाव में ढांचे बहते हुए दिखाई दे रहे हैं।
बाढ़ की चपेट में रसुवा के कई हाइड्रोपावर प्रोजेक्ट भी आए हैं। रिपोर्टों के अनुसार कई परियोजनाओं में बिजली उत्पादन प्रभावित हुआ है और परियोजना से जुड़े बुनियादी ढांचे को नुकसान पहुंचा है।
आपदा के बाद बड़ी संख्या में लोगों के संपर्क से बाहर होने की खबर है। रिपोर्टों में विदेशी पर्यटकों समेत सैकड़ों लोगों के लापता होने की जानकारी सामने आई है, जिनमें भारतीय नागरिक भी शामिल हैं। राहत और बचाव अभियान जारी है।




