
उत्तराखंड में 1 लाख रोजगार का मेगा प्लान, सरकार का ₹50 हजार करोड़ निवेश लक्ष्य
देहरादून। उत्तराखंड सरकार ने राज्य में औद्योगिक विकास को नई रफ्तार देने के लिए बड़ा लक्ष्य तय किया है। सरकार का उद्देश्य करीब ₹50 हजार करोड़ का निवेश आकर्षित करना और इसके माध्यम से लगभग 1 लाख लोगों को रोजगार उपलब्ध कराना है। इस योजना के तहत नए उद्योगों की स्थापना के लिए करीब 4,000 एकड़ भूमि उपलब्ध कराई जाएगी।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार निवेशकों को आकर्षित करने के लिए मेगा इंडस्ट्रियल एवं इन्वेस्टमेंट पॉलिसी-2025 लागू कर चुकी है। इस नीति के तहत बड़े उद्योगों को पूंजीगत सब्सिडी, स्टांप शुल्क में छूट, सिंगल विंडो क्लीयरेंस और पर्वतीय क्षेत्रों में अतिरिक्त प्रोत्साहन जैसी सुविधाएं दी जा रही हैं।
सरकार का कहना है कि हरिद्वार, ऊधमसिंह नगर और देहरादून के साथ-साथ पर्वतीय क्षेत्रों में भी उद्योग स्थापित करने पर विशेष प्रोत्साहन दिया जाएगा, ताकि स्थानीय युवाओं को अपने ही जिले में रोजगार के अवसर मिल सकें और पलायन पर रोक लगाने में मदद मिले।
उद्योग विभाग के अनुसार, निवेशकों के लिए भूमि बैंक तैयार किया जा रहा है और लगभग 4,000 एकड़ भूमि नए औद्योगिक प्रोजेक्ट्स के लिए उपलब्ध कराई जाएगी। सरकार का मानना है कि बड़े निवेश आने से एमएसएमई इकाइयों को भी बढ़ावा मिलेगा और राज्य की अर्थव्यवस्था को नई मजबूती मिलेगी।




