साइबर सेंध! देश के सबसे बड़े न्यूक्लियर प्लांट का डेटा लीक

नई दिल्ली,
कुडनकुलम न्यूक्लियर प्लांट से जुड़े संवेदनशील दस्तावेज डार्क वेब पर लीक, जांच शुरू
तमिलनाडु के कुडनकुलम न्यूक्लियर पावर प्लांट से जुड़े हजारों संवेदनशील दस्तावेज डार्क वेब पर लीक होने का मामला सामने आया है। रिपोर्टों के अनुसार, रैनसमवेयर ग्रुप वर्ल्ड लीक्स ने प्लांट की ब्लूप्रिंट, सप्लायर से जुड़ी जानकारी, निरीक्षण रिकॉर्ड और अन्य तकनीकी दस्तावेज ऑनलाइन जारी किए हैं।
बताया जा रहा है कि यह डेटा सीधे न्यूक्लियर प्लांट के सिस्टम से नहीं, बल्कि प्लांट के ठेकेदार रिलायंस इंफ्रास्ट्रक्चर के सर्वर से चोरी किया गया। कंपनी ने आंशिक डेटा उल्लंघन की पुष्टि की है, हालांकि उसने कहा है कि घटना के प्रभाव का विस्तृत आकलन किया जा रहा है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए भारतीय कंप्यूटर इमरजेंसी रिस्पॉन्स टीम (CERT-In) और न्यूक्लियर पावर कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (NPCIL) ने जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में यह पता लगाया जा रहा है कि लीक हुए दस्तावेजों में कितनी संवेदनशील जानकारी शामिल है और इसका राष्ट्रीय सुरक्षा पर कोई प्रभाव पड़ा है या नहीं।




