
मुनिकीरेती/तपोवन। बुधवार को खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मुनिकीरेती और तपोवन क्षेत्र में अचानक निरीक्षण अभियान चलाया। टीम के पहुंचते ही कुछ छोटे दुकानदारों ने आनन-फानन में अपने प्रतिष्ठानों के शटर गिरा दिए।
वहीं, होटलों और रेस्टोरेंट में टीम ने किचन से लेकर स्टोर रूम तक की गहन जांच की। इस दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, स्रोत, रखरखाव और साफ-सफाई व्यवस्था को परखा गया।
खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने खाद्य सामग्री के सुरक्षित भंडारण और स्वच्छता मानकों का पालन करने के निर्देश दिए। अभियान का उद्देश्य क्षेत्र में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करना और उपभोक्ताओं को सुरक्षित भोजन उपलब्ध कराना है।
खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन के आयुक्त विनय शंकर पांडेय के निर्देशों के तहत इस तरह के निरीक्षण अभियान आगे भी जारी रहने की बात कही गई है।




