
मैकेनिकल इंजीनियर बना बाइक चोर, 13 वाहन बरामद
देहरादून। मैकेनिकल इंजीनियरिंग में डिप्लोमा करने के बाद नौकरी या कारोबार की राह पकड़ने के बजाय एक युवक वाहन चोरी के नेटवर्क में शामिल हो गया। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर 7 वाहन चोरी की घटनाओं का खुलासा किया है। आरोपियों की निशानदेही पर 13 दोपहिया वाहन बरामद किए गए हैं।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विवेक (23), निवासी श्यामपुर कांगड़ी, थाना श्यामपुर, हरिद्वार और गुरप्रीत सिंह (20), निवासी ग्राम टाटवाला, थाना श्यामपुर, हरिद्वार के रूप में हुई है।
पुलिस जांच में सामने आया कि दोनों आरोपी मिलकर देहरादून में दोपहिया वाहन चोरी करते थे। बताया गया कि गुरप्रीत बाइक टैक्सी चालक के रूप में काम करता था, जबकि दोनों वाहन चोरी की घटनाओं को अंजाम देने में शामिल थे।




