
कुंभ मार्ग के चिन्हीकरण को लेकर बवाल, सरकारी दस्तावेज छीनने और मारपीट का आरोप
हरिद्वार। कुंभ मेला-2027 की तैयारियों के बीच कनखल क्षेत्र में PWD की टीम के साथ कथित मारपीट का मामला सामने आया है। टीम इंदिरा बस्ती क्षेत्र में प्रस्तावित कुंभ मार्ग और अतिक्रमण के चिन्हीकरण के लिए पहुंची थी। इसी दौरान स्थानीय लोगों ने कार्रवाई का विरोध शुरू कर दिया और देखते ही देखते विवाद बढ़ गया।
PWD के अपर सहायक अभियंता चंद्र लाल भारती के अनुसार, विभागीय टीम विश्व कल्याण आश्रम और मातृ सदन आश्रम से ज्वालापुर की ओर प्रस्तावित मार्ग के चिन्हीकरण के लिए पहुंची थी। आरोप है कि मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने टीम के साथ धक्का-मुक्की और मारपीट की। कुछ महिलाओं द्वारा अधिकारियों के साथ जूतों से मारपीट किए जाने की बात भी सामने आई है।
शिकायत में राकेश पुत्र ओमपाल, संजीव, राजीव, इंद्रावती और उनके अन्य रिश्तेदारों पर विरोध, मारपीट और सरकारी काम में बाधा डालने के आरोप लगाए गए हैं। PWD की शिकायत के मुताबिक विवाद के दौरान ईंट-पत्थर भी फेंके गए और सरकारी दस्तावेज छीने गए।
घटना में अपर सहायक अभियंता चंद्र लाल भारती, अमीन मेनपाल सिंह, सपना रतूड़ी और वाहन चालक वीरेंद्र के घायल होने की जानकारी सामने आई है। मामले में कनखल पुलिस ने शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बताया जा रहा है कि स्थानीय लोगों में यह अफवाह फैल गई थी कि चिन्हीकरण के बाद उनके घर खाली कराए जाएंगे। इसी आशंका के चलते लोगों ने टीम का विरोध किया और स्थिति तनावपूर्ण हो गई।
UKP News | उत्तराखंड की पहचान




