
देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में आज गुरुवार को सचिवालय में हुई उत्तराखंड कैबिनेट की मीटिंग में एक शोक प्रस्ताव पास किया गया, जिसमें उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री मेजर जनरल बी.सी. खंडूरी और मशहूर शूटर और पद्म श्री अवॉर्डी जसपाल राणा के निधन पर शोक जताया गया.
मीटिंग की शुरुआत में कैबिनेट मंत्रियों और अधिकारियों ने दो मिनट का मौन रखा और दिवंगत आत्माओं को भावभीनी श्रद्धांजलि दी. मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि-
मेजर जनरल बी.सी. खंडूरी ने राज्य के विकास, सुशासन और जनसेवा में अहम योगदान दिया. उन्होंने यह भी कहा कि जसपाल राणा ने नेशनल और इंटरनेशनल लेवल पर शूटिंग में अपनी शानदार उपलब्धियों से उत्तराखंड और देश दोनों को बहुत गर्व महसूस कराया. उनके योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा.
-पुष्कर सिंह धामी, सीएम-




इसके बाद कैबिनेट की महत्वपूर्ण बैठक शुरू हुई जो अभी तक जारी है. कैबिनेट बैठक में जनहित, विकास और चुनावी तैयारियों से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर फैसला लिया जा सकता है. माना जा रहा है कि इस बैठक में एक दर्जन से अधिक महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर चर्चा के बाद सरकार बड़े फैसले ले सकती है. प्रदेश की राजनीतिक और प्रशासनिक गतिविधियों को देखते हुए यह कैबिनेट बैठक कई मायनों में अहम मानी जा रही है.
हाल ही में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से हुई मुलाकात के बाद प्रदेश सरकार की कार्यशैली में तेजी देखने को मिली है. सरकार विकास योजनाओं, जनकल्याणकारी कार्यक्रमों और प्रशासनिक सुधारों को लेकर सक्रिय नजर आ रही है. ऐसे में माना जा रहा है कि कैबिनेट की इस बैठक में भी सरकार जनता से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषयों पर निर्णय ले सकती है. राजनीतिक जानकारों का मानना है कि प्रदेश में आगामी चुनावों को देखते हुए सरकार विकास और जनहित से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता दे रही है. यही वजह है कि कैबिनेट बैठक में विभिन्न विभागों से जुड़े प्रस्तावों के साथ-साथ आम जनता को राहत देने वाले निर्णय भी सामने आ सकते हैं. सरकार की कोशिश होगी कि विकास कार्यों की गति को और तेज किया जाए तथा विभिन्न वर्गों से जुड़े लंबित मामलों का समाधान किया जाए.




