
पिथौरागढ़ में तैनात आरक्षी अमित कुमार का वीडियो वायरल, जंतर-मंतर घटना पर जताई नाराज़गी; विभाग ने तत्काल प्रभाव से किया सस्पेंड, जांच शुरू।
(UKP)
उत्तराखंड पुलिस में एक और पुलिसकर्मी का वीडियो सामने आने के बाद विभाग में हलचल मच गई है। पिथौरागढ़ में तैनात आरक्षी अमित कुमार ने सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में निलंबित सिपाही शेर सिंह का समर्थन किया और कहा कि वह 20 जुलाई को जंतर-मंतर पर हुई घटना से आहत हैं। उन्होंने पुलिस सेवा से अपना इस्तीफा स्वीकार करने की अपील की और उत्तराखंड पुलिस के लिए 4600 ग्रेड पे की मांग भी उठाई।
वीडियो वायरल होने के कुछ ही समय बाद उत्तराखंड पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए आरक्षी अमित कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। विभाग का कहना है कि पुलिसकर्मी द्वारा सोशल मीडिया पर वर्दी में वीडियो जारी करना और विभाग की छवि प्रभावित करने वाली सामग्री प्रसारित करना सेवा नियमों का उल्लंघन है।
पुलिस अधिकारियों ने अमित कुमार के खिलाफ विभागीय अनुशासनात्मक जांच भी शुरू कर दी है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। इससे पहले भी जंतर-मंतर प्रकरण में शेर सिंह के बयान को लेकर उत्तराखंड पुलिस में विवाद खड़ा हो चुका है और अब अमित कुमार का मामला सामने आने से यह मुद्दा फिर चर्चा में है।




